आपातकाल की बरसी पर घर-घर पहुंचकर किया अभिनंदन, बोले- लोकतंत्र के लिए संघर्ष करने वालों का देश सदैव रहेगा ऋणी
Kanpur। आपातकाल की बरसी पर शुक्रवार को गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने लाजपत नगर मंडल क्षेत्र में निवास करने वाले लोकतंत्र सेनानियों के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया। उन्होंने सेनानियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर उनके लोकतंत्र रक्षा के संघर्ष को नमन किया। इस दौरान विधायक ने लोकतंत्र सेनानियों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक ऐसा दिन है, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए थे।
ऐसे कठिन समय में अनेक लोगों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल की यातनाएं झेलीं और व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर देशहित में संघर्ष किया। ऐसे लोकतंत्र सेनानी आज भी समाज और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल संविधान की व्यवस्था से नहीं, बल्कि उसकी रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोगों के साहस और बलिदान से मजबूत होता है। इसलिए ऐसे सेनानियों का सम्मान करना समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को भी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और संविधान के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अजय राय, प्रेम सिंह, विजय मिश्रा, अरुण शर्मा, अजय गुप्ता, राघवेंद्र दुबे, सतीश शुक्ला, प्रदीप भाटिया, दीपक राजपूत, दीपक तिवारी, प्रदीप गुप्ता, अरुण पाल, मोहन विश्वकर्मा, रंजीता पाठक, राधा पांडे, सरिता साहनी, प्रीती गौतम सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


