Kanpur । प्रथम संदेश फाउंडेशन प्रीमियर लीग फॉर जैक्सन कमिंस ट्रॉफी अंडर-19 टी-20 डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को खेले गए पहले मैच में जीटीबी वारियर्स ने कानपुर वारियर्स को 56 रन से मात दी। दूसरे मैच में स्पार्क इंटरनेशनल ने बीसीए को पांच विकेट से पराजित किया।

सप्रू मैदान पर खेले गए पहले मैच में जीटीबी वारियर्स ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 152 रन बनाए। रोहित गुप्ता ने 39 और शिवांशु सचान ने 24 रन का योगदान दिया। कानपुर वारियर्स की ओर से युवराज गुप्ता ने तीन जबकि पार्थ सिंह ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर वारियर्स की टीम 18.1 ओवर में 96 रन पर सिमट गई।
अभिनव यादव ने 47 और मोनू पाल ने 22 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। जीटीबी वारियर्स के लिए मिशम अब्बास ने तीन विकेट झटके, जबकि आदर्श श्रीवास्तव, वैश रजा खान और कार्तिकेय मिश्रा ने दो-दो विकेट हासिल किए। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मिशम अब्बास को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में बीसीए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 153 रन बनाए।
आरूष कश्यप ने 48, शाश्वत कुमार ने 34 और सुयश सिंह ने 28 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। स्पार्क इंटरनेशनल की ओर से आयुष पांडे और मोहम्मद ऐश ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में स्पार्क इंटरनेशनल ने 19.3 ओवर में पांच विकेट खोकर 157 रन बनाते हुए मैच पांच विकेट से जीत लिया।
ओजस शुक्ला ने शानदार 57 रन की पारी खेलकर जीत की नींव रखी, जबकि आयुष पांडे ने 21 रन का योगदान दिया, तो गेंदबाजी में बीसीए की ओर से शाश्वत कुमार और शौर्य गुप्ता ने दो-दो विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी के लिए ओजस शुक्ला को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।


