Kanpur । रेलबाजार पुलिस ने महिलाओं से लूट और छिनैती की वारदातों से जुड़े एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के पास से लूट के माल की बिक्री से प्राप्त नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस इस कार्रवाई को छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मान रही है।
थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि 31 मई को उन्नाव के शुक्लागंज निवासी गुड़िया अग्रवाल ई-रिक्शा से घंटाघर से रामादेवी जा रही थीं। सीओडी पुल के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनका पर्स और मंगलसूत्र छीन लिया था। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फतेहपुर निवासी कुंदन पटेल उर्फ अर्जुन भइया और ऋषभ उर्फ आदेश को गिरफ्तार कर 15 हजार रुपये बरामद किए गए थे।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि छीना गया माल बर्रा-1 निवासी सचिन शर्मा को बेचा गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गुरुवार को चेकिंग के दौरान बेंदरिया बाग पुल स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में उसके पास से 2130 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी ने स्वीकार किया कि यह रकम छिने गए पर्स और मंगलसूत्र की बिक्री से मिली धनराशि का हिस्सा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।


