कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर शुक्रवार रात रेलवे विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुद को रेलवे अधिकारी बताकर यात्रियों को गुमराह करने वाले एक फर्जी व्यक्ति को पकड़ लिया। आरोपी के पास से नकली दस्तावेज और कैश बरामद हुआ है।
Kanpur। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रेलवे विजिलेंस टीम ने शुक्रवार रात एक फर्जी रेलवे अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है, जो शिवगंगा एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहा था और खुद को रेलवे का अधिकारी बताकर यात्रियों पर रौब झाड़ रहा था।

बताया जा रहा है कि ट्रेन में सफर के दौरान उसने कई यात्रियों को हड़काया, जिससे शक होने पर किसी यात्री ने इसकी शिकायत कर दी। सूचना मिलते ही विजिलेंस टीम अलर्ट हो गई और जैसे ही शिवगंगा एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल पहुंची, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से रेलवे के कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए। इनमें नकली आई कार्ड, ड्यूटी पास और सुविधा पास शामिल हैं। इसके अलावा उसके पास से हजारों रुपये नकद भी मिले हैं।प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी इन फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोगों को भ्रमित कर रहा था और लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में शामिल हो सकता है।

विजिलेंस टीम अब उससे गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और वह इस फर्जीवाड़े को कब से अंजाम दे रहा था।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि इस तरह के मामलों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत रेलवे या पुलिस को दें।


