चकेरी इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में ज्वलनशील बुरादे से तेजी से फैली आग, तीन दमकल गाड़ियों ने पाया काबू; जनहानि टली, जांच शुरू
Kanpur । चकेरी थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया द्वितीय स्थित शुभसंकल्प इंटरप्राइजेज अगरबत्ती फैक्ट्री में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। अगरबत्ती निर्माण में इस्तेमाल होने वाले ज्वलनशील बुरादे के कारण आग ने देखते ही देखते फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि फैक्ट्री में रखा कच्चा माल और अन्य सामान जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दमकल अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि सूचना मिलते ही जाजमऊ फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर भेजे गए। आग की गंभीरता को देखते हुए नरवल फायर स्टेशन से भी एक अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाया गया। तीनों टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर आग बुझाई।

फैक्ट्री मालिक दिनेश गुप्ता ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, दमकल विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। राहुल नंदन ने कहा कि जांच में यदि फैक्ट्री अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करती मिली तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


