रात में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से कई मोहल्लों में जलभराव, डेढ़ लाख से अधिक लोगों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित
Kanpur। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के डबल पुलिया के नीचे मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान जल निगम की मुख्य पेयजल पाइपलाइन टूटने से गुरुवार को बड़ा इलाका जलमग्न हो गया। तेज दबाव से पानी का फव्वारा फूटने के बाद कुछ ही देर में सड़कें और गलियां लबालब भर गईं। कई घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही विधायक सुरेंद्र मैथानी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेने के साथ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।स्थानीय लोगों ने बताया कि रात में खुदाई के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। इसके चलते घंटों पानी बहता रहा और शास्त्री नगर, विजय नगर, दादानगर, सेवाग्राम कॉलोनी, विवेकानंद नगर, गड़रिया पुरवा, फजलगंज, सीटीआई नहर बस्ती, नहर कोठी और नौरैया खेड़ा समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया।
इस घटना से डेढ़ लाख से अधिक लोगों की पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। कई परिवारों ने बताया कि घरों में पानी भरने से घरेलू सामान खराब हो गया और बच्चों व बुजुर्गों को घर से निकलने में दिक्कत हुई।मौके पर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने जल निगम के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।

उन्होंने मुख्य अभियंता से फोन पर बात कर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि काम में लापरवाही हुई या जनता को और परेशानी हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। विधायक की सख्ती के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर पाइपलाइन की मरम्मत शुरू कर दी गई।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने जलभराव से प्रभावित परिवारों का हालचाल भी जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि पानी की निकासी तथा पेयजल आपूर्ति जल्द सामान्य कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान जनता की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
किसी भी अधिकारी या कार्यदायी संस्था की लापरवाही से लोगों को परेशानी हुई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पाइपलाइन पूरी तरह दुरुस्त होने और प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल होने तक वह स्वयं पूरे मामले की निगरानी करेंगे।


