गंगा आरती के दौरान प्रदूषण का विरोध करने पर मंदिर छोड़ने का दबाव बनाने का आरोप, पुलिस ने जांच का दिया भरोसा
कानपुर। जाजमऊ में शुक्रवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब वाजिदपुर स्थित मंदिर के महंत दिगंबर आनंदपुरी हाथ में तलवार लेकर अपने समर्थकों के साथ जाजमऊ थाने पहुंच गए। थाने में तलवार देखकर पुलिसकर्मियों में भी हलचल मच गई। महंत ने कुछ टेनरी संचालकों पर दो महीने से प्रताड़ित करने और मंदिर छोड़ने का दबाव बनाने का आरोप लगाया।
महंत दिगंबर आनंदपुरी ने बताया कि वह लंबे समय से गंगा संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि वह रोज शाम गंगा किनारे आरती करते हैं, लेकिन उसी दौरान कुछ टेनरियों से गंदा और विषैला पानी गंगा में छोड़ा जाता है। इसका वह लगातार विरोध करते हैं। आरोप है कि इसी वजह से उन्हें धमकियां दी जा रही हैं और मंदिर खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है।
शुक्रवार शाम करीब पांच बजे महंत अपने साथियों के साथ जाजमऊ थाने पहुंचे और करीब आधे घंटे तक पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। थाने में तलवार के साथ पहुंचे लोगों को देखकर पुलिस ने पहले उन्हें शांत कराया और बाद में समझाकर वापस भेज दिया।
महंत का कहना है कि गंगा प्रदूषण के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि अभी लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी।
Kanpur : तलवार लेकर थाने पहुंचे महंत, बोले- टेनरी संचालक कर रहे प्रताड़ित


