Kanpur। कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन के तत्वावधान में आयोजित चतुर्थ डॉ. गौर हरि सिंहानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता ‘स्पार्क कप’ में सोमवार को दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला गया। इसमें क्रिकेट एसोसियेशन ऑफ लखनऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर ब्लू को सात विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

जेके लोको स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर ब्लू की टीम 28.1 ओवर में 70 रन पर सिमट गई। काव्या बंदोह ने 39 और शिवानी सिंह ने 16 रन बनाए। लखनऊ की ओर से अंशु तिवारी ने 12 रन देकर तीन विकेट, जबकि तान्या सिंह और संध्या क्षेत्री ने दो-दो विकेट झटके। 71 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए क्रिकेट एसोसियेशन ऑफ लखनऊ ने 12.4 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 71 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम कर लिया।
शशि बालान ने नाबाद 41 रन की पारी खेली, जबकि आयुषी श्रीवास्तव ने 16 रन का योगदान दिया। कानपुर ब्लू की ओर से एंजलीना वर्मा, अनुपम राजपूत और सौम्या पाल को एक-एक विकेट मिला। लखनऊ की जीत में हरफनमौला प्रदर्शन करने वाली संध्या क्षेत्री को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


