शौच के लिए घर से निकले युवक का मिला शव, परिजनों ने पड़ोसी पर लगाया हत्या का आरोप
Kanpur। बाबूपुरवा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक लोडर चालक की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। उसका खून से लथपथ शव डिग्गी तालाब के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बाबूपुरवा निवासी साहिल के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, साहिल सुबह करीब नौ बजे शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। तलाश करने पर उसका शव डिग्गी तालाब के पास रेलवे लाइन किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस युवक को हैलट अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से किए गए कई वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक के परिजनों ने मोहल्ले के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपित तक पहुंचा जा सके।
थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।


