Kanpur। जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग के लिए चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर गुरुवार से किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ मैदान पर शुरू हो गया। शिविर का शुभारंभ उत्तर प्रदेश रणजी टीम के खिलाड़ी राहुल सप्रू की देखरेख में प्रारंभ हुआ।

संस्था के सचिव संजय शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए कुल 12 टीमों का गठन किया जाएगा। शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य सभी टीमों को संतुलित और प्रतिस्पर्धात्मक बनाना है। पहले दिन 17 खिलाड़ियों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया, जिनका अंतिम चयन रिपोर्ट आने के बाद किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि 15 मई को कैंप के बाद खिलाड़ियों के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के तहत नेत्र व दंत जांच शिविर भी लगाया जाएगा। नेत्र परीक्षण प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ डॉ. फारूख आलम अंसारी की देखरेख में होगा, जबकि दंत परीक्षण डॉ. प्रियंका भडेजा, डॉ. रिदिमा तिवारी और डॉ. रिजा फारूख के माध्यम से किया जाएगा।
संस्था के अनुसार अंडर-12 खिलाड़ियों के लिए स्वास्थ्य जांच को इस बार विशेष पहल के रूप में शामिल किया गया है। इस कैंप के दौरान क्रिकेट कोच दिनेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।


