Kanpur । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में मंगलवार को ‘कलम से सलाम : ए लेटर ऑफ ग्रैटिट्यूड टू अवर आर्मड फोर्सेस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय की स्टूडेंट काउंसिल एवं आत्मोदय हॉबी क्लब काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सीमा पर देश की रक्षा कर रहे सैनिकों के नाम कृतज्ञता पत्र लिखकर उनके शौर्य और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम कुलपति प्रो. डॉ. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। विद्यार्थियों ने अपनी लेखनी के माध्यम से सैनिकों के प्रति सम्मान, आभार और देशप्रेम की भावनाएं व्यक्त कीं। पत्रों में जवानों के साहस और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए उनके समर्पण को सलाम किया गया।
कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. अंशु यादव संयोजक और डिप्टी चीफ वार्डन डॉ. ममता तिवारी सह-संयोजक रहीं। स्टूडेंट काउंसिल अध्यक्ष कृष्णा भदौरिया, हॉबी क्लब महासचिव अनन्या शुक्ला, सांस्कृतिक सचिव वेदिका के साथ संस्कार, सत्यम, मुस्कान, मृदुल समेत अन्य छात्र-छात्राओं ने आयोजन में सहयोग किया।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का इससे बेहतर माध्यम नहीं हो सकता कि उनकी भावनाओं को शब्दों के जरिए उन तक पहुंचाया जाए।


