Kanpur। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से चुन्नीगंज स्थित कार्यालय में दो दिवसीय जिला स्तरीय स्कोरिंग कार्यशाला सोमवार को संपन्न हो गई। अंतिम दिन 11 प्रशिक्षुओं ने हिस्सा लिया, जिसमें दो महिला स्कोरर अनुपम देवी और समृद्धि गुप्ता भी शामिल रहीं।
कार्यशाला में बीसीसीआई पैनल के प्रशिक्षक रामजी तिवारी ने स्कोररों को स्कोरिंग की बारीकियों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने लिनियर मैथड, नेट रन रेट, बल्लेबाज का औसत व स्ट्राइक रेट तथा गेंदबाज का औसत, स्ट्राइक रेट और इकॉनमी रेट निकालने की प्रक्रिया समझाई।
प्रशिक्षुओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए टेलीविजन पर प्रसारित टी-20 मुकाबले की स्कोरिंग भी कराई गई। इस दौरान प्रतिभागियों ने लाइव मैच की स्कोरिंग का अभ्यास करते हुए विभिन्न परिस्थितियों में सही आंकड़े दर्ज करने की तकनीक सीखी। कार्यशाला में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएन सिंह, अवैतनिक सचिव कौशल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव पीएस नेगी और राजेश सिंह मौजूद रहे।


