Kanpur । रविवार देर रात रावतपुर क्षेत्र में उस समय हलचल मच गई जब कार्डियोलॉजी के पास जीटी रोड स्थित लकी होटल में फूड डिपार्टमेंट की टीम अचानक जांच के लिए पहुंच गई। आमतौर पर ग्राहकों की भीड़ से गुलजार रहने वाले इस होटल में देर रात हुई इस कार्रवाई से स्टाफ के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अधिकारियों ने जैसे ही किचन का निरीक्षण शुरू किया, वहां की स्थिति देखकर टीम भी सख्त हो गई। जगह-जगह गंदगी, अव्यवस्थित कुकिंग एरिया और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया।

जांच के दौरान टीम ने सब्जी काटने वाले प्लेटफॉर्म, भोजन तैयार करने की जगह और बर्तन साफ करने की व्यवस्था को बारीकी से देखा। कई स्थानों पर साफ-सफाई का अभाव मिला। कुकिंग एरिया में भी गंदगी देखी गई, जिससे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर सवाल खड़े हो गए। इतना ही नहीं, होटल के कुछ कर्मचारी बिना हेड कैप और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किए ही खाना बनाते मिले। अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन मानते हुए होटल प्रबंधन को फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान बर्तनों की धुलाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई और खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने के मानकों का भी ठीक से पालन नहीं हो रहा था। इन खामियों को गंभीर मानते हुए टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए होटल का लाइसेंस निलंबित कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि जब तक होटल प्रबंधन सभी व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप नहीं करता, तब तक संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
फूड विभाग ने साफ किया कि शहर में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में इसी तरह की औचक जांच जारी रहेगी, ताकि लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन मिल सके। इस कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य होटल संचालकों में भी सतर्कता बढ़ गई है।


