Kanpur। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की केडीएमए लीग में बुधवार को चार मुकाबले खेले गए। इसमें तरुण, डायमंड, अमर और फ्रेंड्स एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की। लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी में हुनर दिखाया।
साउथ मैदान में खेले गए पहले मुकाबले में खांडेकर एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35.5 ओवर में 132 रन बनाए। जवाब में डायमंड एकादश ने ने 23वें ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाकर लक्ष्य को हासिल किया। मैच में 33 रन और चार विकेट लेने वाले एकलव्य कटियार को मैन आफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में तरुण एकादश ने पहले खेलते हुए 32 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए।
जवाब में ओलिंपिक एकादश 24.2 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 107 रन ही बना सका। मैच में ओलिंपिक के मो. शारिम को चार विकेट लेने के लिए मैन आफ द मैच चुना गया। इसी प्रकार जूनियर लीग में राम लखन भट्ट मैदान में खेले गए पहले मुकाबले में अमर एकादश ने 38 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 258 रन बनाए। जवाब में यूनियन एकादश 19 ओवर में 10 विकेट पर 111 रन ही बना सकी।
मुकाबले में 43 रन और दो विकेट लेने वाले दीपेंद्र मैन आफ द मैच बने। लीग के अंतिम मुकाबले में एनएए एकादश के 84 रनों के जवाब में फ्रेंड्स यूनियन ने एक विकेट के नुकसान पर 87 रन बनाकर आसान जीत हासिल की। फ्रेंड्स के अविनाश को चार विकेट लेने के लिए मैन आफ द मैच चुना गया।


