Kanpur। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग में बुधवार को खेले गए पहले मैच में उदित श्रीवास्तव की घातक गेंदबाजी से नेशनल क्लब ने रोलैंड क्लब को आठ रन से पराजित किया। दूसरे मैच में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने कैंपस आईआईटी को 11 रन से मात दी। तीसरे मैच में काउंटी क्लब ने एवरो क्लब को तीन विकेट से हराया। चौथे मैच में वंडर्स क्लब ने एसएसएस क्लब को आठ विकेट से पराजित किया।
राहुल सप्रू मैदान पर खेले गए पहले मैच में नेशनल क्लब ने 40 ओवर में आठ विकेट पर 179 रन बनाए। टीम से शिवांश तिवारी ने 40 रन, शिवम दुबे ने 35 रन, सचिन ने 31 रन बनाए, तो गेंदबाजी में अब्दुल ने तीन, स्वास्तिक और यश ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। जवाब में रोलैंड क्लब की पूरी टीम 31.4 ओवर में 171 रन पर ढ़ेर हो गई। टीम से कुलदीप श्रीवास्तव ने सर्वाधिक 88 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत न दिला सके। तो गेंदबाजी में उदित श्रीवास्तव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात विकेट अपने नाम किए, उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। आईआईटी मैदान पर दूसरे मुकाबले में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने 34 ओवर में 188 रन बनाए।
टीम से अमित मेहरा ने 40 रन, अमित मिश्रा ने 38 रन व सतीश ने 27 रन बनाए, तो गेंदबाजी में भास्कर तिवारी ने तीन, कार्तिक, मयंक और अरनव ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए कैंपस आईआईटी की पूरी टीम 40 ओवर में 177 रन पर सिमट गई। टीम से अरनव ने 48 रन, गौरव ने 34 और सौरभ ने 32 रन बनाए, तो गेंदबाजी में शशांक ने तीन, अमित मेहरा ने दो को आउट किया, उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पनकी स्थित रामलखन भट्ट मैदान पर तीसरे मैच में एवरो क्लब ने 32.4 ओवर में नौ विकेट पर 181 रन बनाए। टीम से शिवम यादव ने 72 रन, सैम करन और फैज ने 27-27 रन बनाए, तो गेंदबाजी में प्रियांशु पाल और वेद प्रकाश ने तीन-तीन विकेट चटकाए। जवाब में काउंटी क्लब ने 31.5 ओवर में सात विकेट पर 184 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। जीत में दीपांशु ने 50 रन, रिषभ उत्तम ने 48 रन, अमन चौहान ने 34 रन और प्रियांशु पाल ने नाबाद 21 रन बनाए।
गेंद और बल्ले से श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रियांशु पाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। एवरेस्ट मैदान पर चौथे मैच में एसएसएस क्लब ने 32.5 ओवर में 186 रन बनाए। टीम से जय प्रकाश ने 83 रन, उत्कर्ष ने 35 रन बनाए, तो गेंदबाजी में यश यादव ने पांच, हिमेंद्र ने तीन और राही प्रताप ने दो को आउट किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए निलेश कौल और अतुल नाबाद 60-60 रन की अर्द्धशतकीय पारियों व शाहुल वर्मा के नाबाद 32 रन के दम पर वंडर्स क्लब ने 31.4 ओवर में दो विकेट पर 189 रन बनाकर मैच जीता। तो गेंदबाजी में नितिन तोमर ने दो को आउट किया। प्लेयर ऑफ द मैच यश यादव को चुना गया।


