Kanpur । यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के दूसरे चरण का ग्रीन पार्क स्टेडियम की काली मिट्टी में खेला गया पहला ही मैच एतिहासिक साबित हुआ। गत चैम्पियन काशी रुद्रास ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इस सीजन का सर्वोच्च स्कोर बनाने का ताज अपने नाम किया।
14 अगस्त से शुरू हुई लीग के 22 मुकाबले लखनऊ में खेले गये जहां सर्वाधिक स्कोर मेरठ मेवरिक्स ने गोरखपुर लॉयंस के खिलाफ 206 रनों के बनाया था। शुक्रवार को ग्रीन पार्क में काशी रुद्रास ने कप्तान करन शर्मा की 102 रनों की तूफानी शतकीय पारी और अभिषेक गोस्वामी के 63 रनों के दम पर नोएडा सुपरकिंग्स के खिलाफ 20 ओवर में सात विकेट पर 217 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह इस सीजन का सर्वोच्च स्कोर रहा।
करन द्वारा लगाया गया यह शतक इस सीजन का दूसरा रहा। इससे पहले लखनऊ में 26 अगस्त को खेले गये आखिरी लीग मैच में कानपुर सुपरस्टार की तरफ से शहर के आदर्श सिंह ने गोरखपुर के खिलाफ 101 रनों की शतकीय पारी खेली थी। हालांकि इस मैच में कानपुर को तीन विकेट की शिकस्त का सामना करना पड़ा था।


