Kanpur । रोवर्स अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में कामर्शियल एकादश ने रोवर्स जूनियर को 61 रन से हराया। जाजमऊ के रोवर्स मैदान में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए कामर्शियल एकादश ने 25 ओवर में सात विकेट पर 161 रन बनाए। इसमें सलामी बल्लेबाज कार्तिकेय जूनियर ने सर्वाधिक 63 रन बनाए।
उनका साथ 37 रन बनाकर कप्तान रुद्र सैनी ने दिया। गेंदबाजी में रोवर्स जूनियर के प्रिंस ने तीन और अली मेहंदी तथा विहान ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में रोवर्स जूनियर 25 ओवर में आठ विकेट पर 100 रन ही बना सकी ।
सलामी और मध्यक्रम बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अंतिम श्रेणी के बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाने का भरसक प्रयास किया। विहान ने 19, आर्यन ने 12, अरमान ने 14 और ध्रुव ने 12 रन बनाए। गेंदबाजी में कामर्शियल के अंश ने तीन, प्रतीक ने दो विकेट लिए।


