विरोध करने पर बदमाश ने पेट में मारी गोली, छह हमलावर फरार; पुलिस सीसीटीवी फुटेज से तलाश में जुटी
Kanpur । शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले सिविल लाइंस इलाके में रविवार देर रात बदमाशों ने ऐसा दुस्साहस दिखाया कि पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। पुलिस कमिश्नर आवास से महज 50 कदम की दूरी पर छह बदमाशों ने पहले तीन राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाई और फिर विरोध करने पर राष्ट्रीय स्तर के कराटे खिलाड़ी अरविंद कुमार को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी आराम से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, आनंदेश्वर अपार्टमेंट के पास रहने वाले अरविंद कुमार रात करीब साढ़े 11 बजे मोहल्ले के युवकों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे। तभी बाइक और स्कूटी से आए छह युवक तेज रफ्तार में खेल के बीच से निकलने लगे। युवकों ने इसका विरोध किया तो आरोपी कुछ दूर जाकर लौटे और तमंचे निकाल लिए। देखते ही देखते तीन राउंड फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में भगदड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अरविंद ने एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की। इस पर आरोपी ने बेहद करीब से उनके पेट में गोली दाग दी। गोली लगते ही अरविंद सड़क पर गिर पड़े और हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत हैलेट अस्पताल पहुंचाया।
सूचना पर डीसीपी सेंट्रल, एडीसीपी, एसीपी कर्नलगंज समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।
हैलेट अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि गोली हड्डी और मांस के बीच फंसी है। फिलहाल अरविंद की हालत खतरे से बाहर है। ग्वालटोली इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं।


