सुपरकिंग्स को पछाड़कर तीसरे स्थान पर पहुंची रुद्रास
Kanpur । कप्तान करन शर्मा के तूफानी शतक के दम पर काशी रुद्रास ने ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए यूपी टी-20 लीग के पहले ही मुकाबले में पिछले चार मैचों से चले आ रहे हार के दंश को तोड़ते हुए नोएडा सुपरकिंग्स को 67 रनों की करारी शिकस्त देकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों का कायम रखा। इस जीत से काशी ने चौथी जीत हासिल करते हुए अंक तालिका में नोएडा को पछाड़कर तीसरा स्थान हासिल कर लिया।

शुक्रवार को खेले गये मैच में काशी ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 217 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद नोएडा को 18.4 ओवर में 150 रनों पर समेट दिया। नोएडा से माधव कौशिक ने सर्वाधिक 42 रन बनाए वहीं काशी से विजय यादव ने चार विकेट झटके।
भारी-भरकम लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा सुपरिकंग्स ने भी शुरुआत काफी आक्रामक अंदाज में की। हालांकि 4.3 ओवर में 53 रनों पर रिषभ राजपूत ने शोएब सिद्दकी को 30 रनों पर आउट कर काशी को पहली सफलता दिलायी। स्कोर में 9 रनों का ही इजाफा हुआ था कि विजय यादव ने नए बल्लेबाज अनिवेश चौधरी (3) और रवि सिंह (6) को पवेलियन भेजते हुए टीम नोएडा की मुश्किलें बढ़ाने का काम किया।
72 रनों पर तीन विकेट गिरने के बावजूद एक छोर संभाले हुए ओपनर माधव कौशिक ने आदित्य शर्मा के साथ मिलकर टीम का स्कोर बढ़ाया। 11वें ओवर की अंतिम गेंद पर अटल बिहारी राय ने आदित्य शर्मा (15) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। नोएडा की एकमात्र उम्मीद बचे माधव भी 13वें ओवर में रिषभ राजपूत की गेंद पर युवराज को कैच थमा बैठे। माधव ने 29 गेंद में दो चौकों व चार छक्कों की मदद से सर्वाधिक 42 रन बनाए।
109 रनों पर पांच विकेट गिरने के बाद कप्तान प्रशांतवीर (23) और शिवा सिंह (14) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज अपना स्कोर दहाई तक न पहुंचा सका और नोएडा की पूरी टीम 18.4 ओवर में 150 रनों पर सिमट गयी। काशी की तरफ से विजय यादव ने चार, रिषभ राजपूत ने तीन, अटल बिहारी राय ने दो तथा एक विकेट कार्तिक यादव को मिला।
शुक्रवार को बल्लेबाजों की मददगार ग्रीन पार्क की पिच पर नोएडा सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया। नोएडा के निर्णय को काशी के सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी और कप्तान करन शर्मा ने गलत साबित कर दिया। दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 9.3 ओवर में 102 रनों की साझेदारी की। काशी को पहला झटका कार्तिक ने अभिषेक (63) के रूप में दिया। अभिषेक के आउट होने पर नोएडा के खिलाड़ी कुनाल की कमेंट पर मैदान में नोकझोंक हुई। जिसे फील्ड अंपायर ने शांत कराया।
अभिषेक के विकेट गिरने के बाद कप्तान करन ने रन गति को धीमा नहीं होने दिया और एक छोर पर डटकर खेलते हुए 51 गेंदों पर 11 चौके व पांच छक्कों की मदद से 102 रनों की शतकीय पारी खेली। करन का साथ देने आए विराट दो रन पर शिवा और युवराज 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शुभम (17), उपेंद्र (2) और अर्नव (1) कुछ खास नहीं कर सके। कार्तिक (10) और विजय (1) पर नाबाद रहे। गेंदबाजी में नोएडा की ओर से नमन तिवारी, बाबी यादव ने दो-दो और कुनाल, शिवा तथा कार्तिक ने एक-एक विकेट लिया।


