Kanpur । खिलाड़ियों की चोट से रिकवरी और पुनर्वास में अहम भूमिका निभाने वाले शहर के स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. स्टैनली ब्राउन को नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित वर्ल्ड फिजियोथेरेपी एशिया वेस्टर्न पैसिफिक रीजनल कॉन्फ्रेंस-2026 में सिग्निफिकेंट कंट्रीब्यूशन अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान फिजियोथेरेपी और रिहैबिलिटेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला।
इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट्स की मेजबानी में 26 और 27 सितंबर को हुए सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में नई उपचार तकनीकों, शोध, वैज्ञानिक पुनर्वास पद्धतियों और मरीजों की बेहतर रिकवरी पर चर्चा हुई। डॉ. स्टैनली ब्राउन लंबे समय से स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी, चोट से बचाव, रिहैबिलिटेशन और खिलाड़ियों की प्रदर्शन क्षमता बढ़ाने के क्षेत्र में काम कर रहे हैं।
इसी वर्ष उन्हें उत्तर प्रदेश सीनियर वॉलीबाल टीम के फिजियोथेरेपिस्ट की जिम्मेदारी भी मिली थी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने खिलाड़ियों की फिटनेस, चोट प्रबंधन, रिकवरी और पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. ब्राउन ने कहा कि फिजियोथेरेपी केवल दर्द कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि चोट, ऑपरेशन के बाद पुनर्वास, न्यूरोलॉजिकल समस्याओं और मांसपेशियों से जुड़ी परेशानियों के बाद व्यक्ति को सामान्य जीवन की ओर लौटाने में इसकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद खिलाड़ियों और मरीजों को वैज्ञानिक एवं प्रभावी पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
सम्मान मिलने पर उन्होंने आईएपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजीव झा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. रुचि वार्ष्णेय समेत सम्मेलन के आयोजकों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।


