Kanpur। उत्तराखंड की त्रिशूल शूटिंग अकादमी में 13 से 17 जुलाई तक आयोजित जसपाल राणा मेमोरियल कप ओपन इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में कानपुर के पैरा रायफल शूटर दीपक कुमार कनौजिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया।
एलेम्को कानपुर में कार्यरत तथा विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस शूटिंग अकादमी, बर्रा-8 के खिलाड़ी दीपक ने 50 मीटर राइफल .22 थ्री पोजिशन (एसएच-1 पैरा) में स्वर्ण पदक और 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग (एसएच-1 पैरा) में रजत पदक जीता।
प्रतियोगिता में अकादमी के निशानेबाज पार्थ सारथी ने सब-यूथ 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। विजेताओं को मुख्य अतिथि द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित सुभाष राणा और जूरी सदस्य दिलराज कौर ने पदक पहनाकर सम्मानित किया तथा राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।
अकादमी के कोच एवं सचिव मयंक खाड़े ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पैरा रायफल शूटर एवं कोच मोहम्मद उमर के मार्गदर्शन में अलीगढ़ के सब-यूथ पैरा शूटर खुजेमा उरूज ने भी दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। अकादमी की संयोजक संध्या देवी और डॉ. देवेंद्र सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


