Kanpur । कानपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में कानपुर मंडलीय पावरलिफ्टिंग, ओपन बेंच प्रेस व फिटनेस चैंपियनशिप 25 से 26 जुलाई को होगी। विष्णुपुरी स्थित सेठ मोतीलाल खेड़िया सनातन धर्म इंटर कॉलेज में होने वाली प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी अलग-अलग आयु और भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन के सचिव सौरभ गौर ने बताया कि प्रतियोगिता में यूथ, सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर वर्ग के बालक, बालिका, महिला व पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस बार आयोजन की खास बात यह है कि पहली बार फिटनेस प्रतियोगिताओं को भी शामिल किया गया है। इसके तहत स्क्वाट और प्लैंक जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिससे खिलाड़ियों को अपनी फिटनेस और सहनशक्ति दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों का पंजीकरण और वजन मापन (वेट-इन) 24 जुलाई को दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक प्रतियोगिता स्थल पर होगा।
प्रतिभागियों में पंजीकरण के समय अपने सभी प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे। प्रतियोगिता के प्रत्येक भार वर्ग के विजेता खिलाड़ियों को 7 से 9 अगस्त तक बरेली में होने वाली उत्तर प्रदेश राज्य पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कानपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के नौ और महिला वर्ग के आठ भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण पत्र और आकर्षक नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। मंडल के सभी इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए कानपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के नंबरों 9336658975, 8400471836, 9580114100, 9389882076 और 8546061104 पर संपर्क कर सकते हैं।


