टी-20 अंदाज में बरसे चौके-छक्के, गेंदबाजों ने यॉर्कर-बाउंसर से छोड़ी छाप
Kanpur। यूपी टी-20 लीग की फ्रेंचाइजी कानपुर सुपरस्टार्स के खिलाड़ी चयन ट्रायल के दूसरे दिन रविवार को 213 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दो दिनों में कुल 610 खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं के सामने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और विकेटकीपिंग कौशल का प्रदर्शन किया।
फ्रेंचाइजी के लव मलिक ने बताया कि पहले दिन कानपुर, जालौन, फिरोजाबाद, आगरा और कानपुर देहात के 397 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया था। वहीं दूसरे दिन शेष 213 खिलाड़ियों ने नेट्स पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। चयनकर्ताओं ज्ञानेंद्र पांडे और उनकी टीम ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया।
ट्रायल के दौरान बल्लेबाजों ने टी-20 शैली में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए लंबे-लंबे शॉट लगाए। तेज गेंदबाजों ने स्विंग, यॉर्कर, बाउंसर और शॉर्ट गेंदों से अपनी विविधता दिखाकर चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया। वहीं विकेटकीपरों ने स्टंपिंग, कैचिंग और ग्लव वर्क में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
लव मलिक ने बताया कि ट्रायल का अगला चरण 18 जुलाई को आगरा में आयोजित होगा। इसके बाद संभावित 23 जुलाई को आगरा में ही फाइनल राउंड के ट्रायल कराए जाएंगे, जिनके आधार पर यूपी टी-20 लीग के आगामी सीजन के लिए कानपुर सुपरस्टार्स की मजबूत और संतुलित टीम का चयन किया जाएगा।


