एकता सिंह की अर्धशतकीय पारी और सिद्दी मिश्रा की शानदार गेंदबाजी से फाइनल पर किया कब्जा
Kanpur। कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन के तत्वावधान में आयोजित चतुर्थ डॉ. गौर हरि सिंहानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता स्पार्क कप में मंगलवार को फाइनल मैच खेला गया। इसमें कानपुर रेड टीम ने क्रिकेट एसोसियेशन ऑफ लखनऊ को 44 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
जेके लोको स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर रेड टीम ने 25 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। टीम से एकता सिंह ने 65 रन, बबिता यादव ने 48 रन, निशा वर्मा ने 23 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में क्रिकेट एसोसियेशन ऑफ लखनऊ की टीम से अनविशा ने एक विकेट अपने नाम किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट एसोसियेशन ऑफ लखनऊ की टीम निधाZरित 25 ओवर में छह विकेट पर 119 रन ही बना सकी।
टीम से आरजू सिंह ने नाबाद 34, आयुषी श्रीवास्तव ने 26 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत न दिला सकी। तो गेंदबाजी में कानपुर रेड टीम की ओर से सिद्दी मिश्रा ने तीन, क्षमा सिंह व सिद्दी सिंह राजावत ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। प्लेयर ऑफ द मैच सिद्दी मिश्रा को चुना गया।
श्रेष्ठ बल्लेबाज बबिता यादव, श्रेष्ठ गेंदबाज सिद्दी मिश्रा और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट एकता सिंह को चुना गया। मुख्य अतिथि केसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह, दिनेश कटियार, समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


