अश्लील वीडियो और फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को डराते थे, 29 मोबाइल और तीन कारें बरामद
Kanpur । कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। सचेण्डी थाना पुलिस और साइबर क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा गया गिरोह लोगों को अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करने और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर धमकाने के जरिए ठगी करता था। प्रारंभिक जांच में इस गिरोह द्वारा करीब दो करोड़ रुपये की साइबर ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 29 मोबाइल फोन, तीन कारें और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। जांच में 48 आईएमईआई नंबर और 68 मोबाइल नंबर सक्रिय पाए गए हैं, जिनका उपयोग साइबर अपराध में किया जा रहा था।
एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज 189 साइबर शिकायतों की जांच के दौरान 60 शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबर इस गिरोह से जुड़े मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने दिल्ली, केरल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के लोगों को अपना शिकार बनाया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी बैंक खातों और यूपीआई के माध्यम से ठगी की रकम मंगवाते थे। उनके मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
कमिश्नरेट पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।


