Kanpur। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की कानपुर क्रिकेट टी-20 लीग के सेमीफाइनल में कानपुर वारियर्स और जीटीबी वारियर्स ने प्रवेश कर लिया है। शुक्लागंज के सप्रू मैदान में खेले गए पहले क्वार्टर फाइनल में कानपुर वारियर्स ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 249 रन बनाए। बल्लेबाज आशीष ने 57 और उज्जवल ने 69 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। गेंदबाजी में अनुराग ने दो विकेट लिए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट एकादश 18वें ओवर में महज 72 रन ही बना सका। वारियर्स के गेंदबाज सौरभ ने तीन, गुरुविंदर और आशीष ने दो-दो विकेट लेकर वारियर्स को 177 रन से जीत दिलाई। मैन आफ द मैच आशीष को चुना गया। लीग के दूसरे क्वार्टर फाइनल क्रेजी रेंजर्स एकादश ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 129 रन बनाए। जवाब में छोटे लक्ष्य को जीटीबी वारियर्स ने 13वें ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाकर हासिल किया। मैच में तीन विकेट और 44 रन बनाने वाले अब्दुल रहमान मैन आफ द मैच बने।
—


