वाराणसी को छह रन से हराया, यशराज बने सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज
Kanpur । पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कानपुर कैंट के खिलाड़ियों ने 55वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया। अंडर-14 बालक क्रिकेट वर्ग में लखनऊ संभाग की टीम ने फाइनल में वाराणसी संभाग को छह रन से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। खिताब जीतने वाली टीम में कानपुर कैंट के सभी 14 खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई।
टीम के यशराज सिंह को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया।बंग्लुरु में पांच से 11 अक्तूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय संगठन के 19 संभागों की टीमों ने हिस्सा लिया। लखनऊ संभाग ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। वाराणसी संभाग दूसरे और दिल्ली संभाग तीसरे स्थान पर रहा। लखनऊ संभाग ने पहले लीग मुकाबले में अहमदाबाद संभाग को 26 रन से हराया। दूसरे मैच में पटना संभाग को 45 रन से शिकस्त दी, जबकि तीसरे मुकाबले में जयपुर संभाग को छह विकेट से पराजित किया।
क्वार्टर फाइनल में मुंबई संभाग को 18 रन से हराकर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद दिल्ली संभाग को 36 रन से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में लखनऊ संभाग ने वाराणसी संभाग को छह रन से हराकर ट्रॉफी जीत ली। टीम की सफलता में प्रशिक्षक मंगेश कुमार पाल, टीजीटी (शारीरिक व स्वास्थ्य शिक्षा) और दीपक कुमार का योगदान रहा। विद्यालय के प्रिंसिपल सोम पाल ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।


