Monday, May 11, 2026
HomeकानपुरKanpur : लिफ्ट के बहाने लूट करने वाला ‘कंजड गैंग’ गिरफ्तार

Kanpur : लिफ्ट के बहाने लूट करने वाला ‘कंजड गैंग’ गिरफ्तार

200 CCTV कैमरों की मदद से खुला राज, नकदी और बिना नंबर बाइक बरामद

Kanpur। कानपुर नगर कमिश्नरेट पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना कलक्टरगंज पुलिस और पूर्वी जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राहगीरों को लिफ्ट देने के बहाने लूट करने वाले ‘कंजड गैंग’ के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रोहित कंजड उर्फ भंगी और बृजेश के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। यह लोग राह चलते लोगों को मोटरसाइकिल पर लिफ्ट देने का झांसा देते और सुनसान स्थान पर पहुंचते ही जेब काटकर नकदी व कीमती सामान लूट लेते थे।

बीती 1 मई को थाना कलक्टरगंज में दर्ज लूट और चोरी के मुकदमे के खुलासे के लिए पुलिस लगातार जांच में जुटी थी। जांच टीम ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सोमवार रात कोपरगंज रोड स्थित सिद्धेश्वर मंदिर के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को बिना नंबर की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूटी गई ₹30,150 की नकदी और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक बरामद की है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी विनय तिवारी, उपनिरीक्षक प्रदीप भाटी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल सुमित बादल, कांस्टेबल विनय पटेल तथा पूर्वी जोन सर्विलांस सेल से उपनिरीक्षक सुरदीप डागर, उपनिरीक्षक विकास त्यागी, उपनिरीक्षक राहुल और कांस्टेबल गौरव कुमार शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में लिफ्ट के बहाने होने वाली लूट की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...
error: Content is protected !!