Kanpur। शहर में सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मंगलवार को झकरकटी बस अड्डा स्थित तालाब और फजलगंज में बन रही बारातशाला का निरीक्षण कर अधिकारियों को तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
झकरकटी स्थित तालाब का ₹4.32 करोड़ की लागत से कायाकल्प किया जाएगा। 15वें वित्त आयोग के तहत इसे ‘वॉटर बॉडी’ संरक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां स्टोन पिचिंग, आकर्षक पाथवे, आरओ वॉटर प्लांट, डस्टबिन, बेंच, हाईमास्ट लाइट, टॉयलेट ब्लॉक और बाउंड्रीवॉल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि मेट्रो और रोडवेज परियोजनाओं के साथ समन्वय बनाकर इसे पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके।
फजलगंज में ₹3.90 करोड़ की लागत से बन रही।
आधुनिक बारातशाला का निर्माण अंतिम चरण में है। 2014 वर्गमीटर क्षेत्र में फैली इस दो मंजिला इमारत में 250 से 350 लोगों की क्षमता वाला हॉल, पांच अटैच बाथरूम वाले कमरे, रिसेप्शन एरिया और विशाल लॉन की व्यवस्था की गई है। नगर आयुक्त ने एक सप्ताह के भीतर लॉन में घास लगाने और शेष फिनिशिंग कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि अप्रैल से इसकी बुकिंग शुरू हो सके।
निरीक्षण के दौरान बारातशाला परिसर के पीछे अवैध कब्जा और बगल में चल रही अवैध दुकानों का मामला सामने आया। इस पर नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, क्षेत्रीय पार्षद की मांग पर कूड़ाघर के विकल्प के रूप में पीटीसीएस (कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन) बनाने का निर्णय लिया गया।
फजलगंज क्षेत्र में सड़क किनारे अतिक्रमण और धूल की समस्या पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता जैदी, अधिशासी अभियंता आर.के. सिंह, रोडवेज आरएम पी.के. शर्मा, एआरएम पंकज तिवारी, जोनल अभियंता कमलेश पटेल, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी आशीष बाजपेयी और पार्षद नीरज कुमार मौजूद रहे।


