Kanpur। केसीए से मान्यता प्राप्त स्पार्क क्लब के तत्वावधान में चंद्रा ट्रॉफी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ गुरुवार को हुआ। उद्घाटन मुकाबला में जेडी क्लब ने सी स्पोर्टिंग यूनियन को 27 रन से पराजित किया। चंद्रा क्रिकेट अकादमी मैदान पर टॉस जीतकर सी स्पोर्टिंग यूनियन ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जेडी क्लब की टीम ने 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 206 रन बनाए।

टीम की ओर से अमन राजपूत ने 68 रनों की पारी खेली, जबकि सलमान ने 38 रन जोड़े, तो गेंदबाजी में हर्षित गौतम ने तीन, यीशु सचान ने दो विकेट प्राप्त किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सी स्पोर्टिंग यूनियन की टीम हर्षित गौतम के 55 और शिवम शुक्ला के 58 रनों के बावजूद 20 ओवरों में आठ विकेट पर 179 रन ही बना सकी।

जेडी क्लब की गेंदबाजी में शुभम कुमार और अमित कुमार ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। उत्कृष्ट बल्लेबाजी के लिए अमन राजपूत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें रेलवे रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी मोहम्मद शमी हसन ने पुरस्कार प्रदान किया। यह जानकारी टूर्नामेंट सचिव नीरज वर्मा ने दी।


