Kanpur । उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में 18 व 19 जुलाई को लखनऊ में आयोजित 7वीं ओपन स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप हुई। इसमें कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 700 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जबकि कानपुर से 80 स्केटर्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कानपुर के पदक विजेताओं में ओजल बाजपेयी (बालिका, 15–18 वर्ष) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते। युवल आर. राठौर (10–12 वर्ष) ने एक स्वर्ण पदक अपने नाम किया। आद्या गुप्ता और सिद्धांत प्रताप सिंह (10–12 वर्ष, टॉय इनलाइन वर्ग) ने एक-एक स्वर्ण पदक जीता, जबकि सिद्धांत ने एक कांस्य पदक भी हासिल किया। रजत पदक विजेताओं में ज्ञानेश कुमार सिन्हा (अंडर-6) और कौटिल्य पांडेय (अंडर-8) ने एक-एक रजत पदक जीता। कांस्य पदक विजेताओं में ज्ञानेश कुमार सिन्हा ने एक, यातिका पांडेय (अंडर-6) ने दो और प्रिंसी ने एक कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता में कानपुर के कुलदीप कुमार और राहुल भदौरिया ने निर्णायक (जज) की भूमिका निभाई। वहीं मनदीप कुमार, आदित्य यादव, कृष्णा सोनकर और अर्जुन सिंह भी खिलाड़ियों के साथ मौजूद रहे। कानपुर के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिला रोलर स्केटिंग से जुड़े पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


