Kanpur। डीपीएस आजाद नगर व जिला फुटबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में डीपीएस ग्राउंड पर आयोजित जूनियर इंटर स्कूल आईसीएसई व सीबीएसई फुटबॉल आमंत्रण प्रतियोगिता में बुधवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें जयपुरिया और सर पदमपत सिंहानिया स्कूल ने जीत के साथ फाइनल में स्थान पक्का किया।
आजादनगर स्कूल परिसर मैदान पर खेले गए पहले सेमीफाइनल में सर पदमपत सिंहानिया स्कूल ने सर सैयद स्कूल उन्नाव को ट्राईब्रेकर में 5-3 से हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया। जीत में टीम के नवजोत सिंह और सार्थ सागर ने एक-एक गोल दागे। दूसरे मुकाबले में जयपुरिया स्कूल ने पूर्णचंद्र स्कूल को 2-1 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।
जयपुरिया के लिए निमित जैन ने 30वें मिनट में शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि अरहान आलम ने 38वें मिनट में दूसरा गोल दागकर जीत सुनिश्चित की। पूर्णचंद्र की ओर से अरनव ने एकमात्र गोल किया। अब प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गुरुवार को जयपुरिया और सर पदमपत सिंहानिया के बीच दोपहर एक बजे खेला जाएगा।


