Kanpur । सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए आयोजित हाईप्रोफाइल ड्रग्स पार्टी पर शुक्रवार देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 140 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। एनआरआई सिटी स्थित स्टेला नाओमी क्लब में चल रही इस पार्टी में आईआईटी समेत कई नामी संस्थानों के छात्र शामिल थे। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान से भी युवक-युवतियां पार्टी में पहुंचे थे।

पुलिस के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर ‘Sonic Shift’ नाम से इस पार्टी का इनविटेशन भेजा गया था। इसमें शामिल होने के लिए एक हजार रुपये एंट्री फीस तय की गई थी। पार्टी को आकर्षक बनाने के लिए हाई साउंड सिस्टम, प्रोजेक्टर और लाइटिंग का इंतजाम किया गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने योजना बनाकर कार्रवाई की।

SOG टीम के दो सदस्य अंडरकवर तरीके से एंट्री फीस देकर पार्टी में शामिल हुए। अंदर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि युवक-युवतियां ड्रग्स और शराब के नशे में झूम रहे हैं। देर रात करीब 2:30 बजे टीम ने बैकअप को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर छापा मार दिया।
छापेमारी के दौरान पार्टी के आयोजक जाजमऊ निवासी मो. फरदीन उर्फ गुमटी और ड्रग सप्लायर संत नगर निवासी मोहित जायसवाल को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि मोहित राजस्थान के पुष्कर से LSD लेकर आया था और पार्टी में इसकी सप्लाई कर रहा था।
पुलिस ने मौके से 0.15 ग्राम LSD, 23.47 ग्राम गांजा, 5.49 ग्राम चरस, 1.19 ग्राम कोकीन, 0.60 ग्राम हसीस, पांच क्रशर, स्मोकिंग फिल्टर और 49 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।यह कार्रवाई पुलिस के ‘ऑपरेशन व्हाइट पाउडर’ के तहत की गई है। अधिकारियों के अनुसार, पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


