13 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद, जंगल में छिपाकर रखते थे वाहन
Kanpur । कानपुर कमिश्नरेट की साउथ जोन पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। नौबस्ता थाना पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 चोरी की दोपहिया गाड़ियां, कटे हुए वाहनों के पार्ट्स, फर्जी नंबर प्लेट और नकदी बरामद की है।
चेकिंग के दौरान पकड़ी गई चोरी की स्कूटी
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के निर्देश पर शहरभर में अपराधियों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ सीओडी नाले के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान पुलिस ने एक स्कूटी को रोककर पूछताछ की। स्कूटी सवार मोहम्मद सलीम और सानू वाहन के कागजात और सही जानकारी नहीं दे सके। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि स्कूटी चोरी की है।
जाजमऊ से गिरोह का तीसरा सदस्य दबोचा
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जाजमऊ इलाके में छापेमारी कर गिरोह के तीसरे सदस्य वाजिद बेग को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी करने की बात कबूल की।
आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद वाहन सुनसान स्थानों और जंगलों में छिपाकर रखे जाते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर जंगल से नौ अन्य चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद कीं।
नंबर प्लेट बदलकर बेचते थे गाड़ियां
नौबस्ता पुलिस के मुताबिक गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों से पलक झपकते ही दोपहिया वाहन चोरी कर लेते थे। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए गाड़ियों की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य कई वाहनों को काटकर उनके कलपुर्जे अलग-अलग बेच देते थे। मौके से भारी मात्रा में खुले वाहन पार्ट्स भी बरामद किए गए हैं।
कबाड़ियों से कनेक्शन तलाश रही पुलिस
थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गिरोह के साथ शहर के कौन-कौन से कबाड़ी और अन्य लोग जुड़े हुए हैं।वरिष्ठ अधिकारियों ने इस कार्रवाई के लिए नौबस्ता पुलिस टीम की सराहना की है।


