डीसीपी यातायात ने निजी बसों में अग्निशमन उपकरण और यात्री सुरक्षा व्यवस्था परखी
Kanpur । यात्रियों की सुरक्षा को लेकर मंगलवार को कमिश्नरेट पुलिस ने भौंती बाईपास जांच केंद्र पर वाहनों और निजी वातानुकूलित बसों की सघन जांच की। अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त यातायात अभय नाथ त्रिपाठी ने बसों की अग्निसुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।जांच के दौरान बसों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं परखी गईं।
अधिकारियों ने बस चालकों, परिचालकों और अन्य कर्मचारियों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहन निर्धारित सुरक्षित गति से चलाने के निर्देश दिए।पुलिस ने कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों को हमेशा दुरुस्त रखने की हिदायत दी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारियों के अनुसार यात्री वाहनों की नियमित जांच कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम करना है।


