Kanpur। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के निदेशक प्रसार डॉ. वी.के. त्रिपाठी ने मैनपुरी, इटावा और औरैया स्थित कृषि विज्ञान केंद्रों का भ्रमण कर चल रही गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने वैज्ञानिकों को कार्यों में तकनीकी सुधार लाने और कृषि प्रसार गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

मैनपुरी केंद्र में निदेशक प्रसार ने तकनीकी पार्क में पौधारोपण किया तथा क्रॉप कैफेटेरिया को और अधिक व्यवस्थित व आकर्षक बनाने को कहा। उन्होंने बीज उत्पादन कार्यक्रम के अंतर्गत सरसों की फसल का निरीक्षण कर उसकी शीघ्र कटाई कर बीज भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इटावा कृषि विज्ञान केंद्र में उन्होंने तकनीकी पार्क का निरीक्षण किया तथा गेहूं एवं सरसों बीज उत्पादन कार्यक्रम की फसलों का अवलोकन किया। इस दौरान गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग कराई गई और विभिन्न योजनाओं के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा की गई।
औरैया केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन एवं अन्य कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों को केंद्र पर नियमित रूप से उपस्थित रहकर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। यहां भी बीज फसल की क्रॉप कटिंग कराई गई और कटाई के बाद शीघ्र भंडारण पर जोर दिया गया।
निदेशक प्रसार ने कहा कि सभी केंद्रों को तकनीकी रूप से सुदृढ़ कर किसानों के लिए उपयोगी बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि वैज्ञानिक गांवों में नियमित भ्रमण करें तथा प्रशिक्षण एवं प्रदर्शनों में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। केंद्रों और किसानों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी उन्होंने जोर दिया।इस अवसर पर डॉ. वी.के. कनौजिया, डॉ. जितेंद्र सिंह सहित अन्य वैज्ञानिक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


