विधायक अमिताभ बाजपेयी ने किया लोकार्पण, 24 घंटे में दस्तावेज तलब
Kanpur । माल रोड स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा स्थल का मंगलवार को सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद लोकार्पण किया गया। आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने लोकार्पण कर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिमा स्थल के मुख्य द्वार के बाहर बने चबूतरे को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया।
मामला सामने आने पर विधायक मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से वार्ता की। इसके बाद उनकी सहभागिता में लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को चबूतरे के निर्माण की अनुमति और उसकी वैधता की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 24 घंटे के भीतर चबूतरे से जुड़े सभी दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएं। निर्धारित समय में कागजात उपलब्ध न होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता समेत कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता तथा क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।


