Kanpur। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) की ओर से स्वस्थ समाज का संदेश देने के लिए टेबल बाल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 21 और 22 मार्च को कानपुर क्लब में किया जाएगा। लीग में पांच दिन से आइएमए परिवार से जुड़े महिला और पुरुष डाक्टर उतरेंगे और 22 गज की पिच पर चौके-छक्के लगाकर निरोगी काया के लिए समाज को खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
शुक्रवार को परेड स्थित आइएमए भवन में हुए बैठक में आइएमए अध्यक्ष डा. अनुराग मेहरोत्रा ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए हर किसी को अपनी दिनचर्या में खेल को शामिल करना चाहिए। बीपी, शुगर और बैड कोलेस्ट्राल को प्रतिदिन खेल से जुड़कर कम किया जा सकता है। दो दिवसीय टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता में पांच टीम फार्चून एकादश, आभा एकादश, कनिष्क एकादश, ट्यूलिप एकादश और रीजेंसी एकादश से महिला और पुरुष डाक्टरों की मिश्रित टीम के बीच मैच खेले जाएंगे।
आइएमए की सचिव डा. शालिनी मोहन ने बताया कि फटाफट प्रारूप में होने वाले मुकाबले रंगीन ड्रेस में होंगे। आइपीएल की तरह मैच में मनोरंजन की व्यवस्था की गई है। पहले दिन फार्चून बनाम आभा, कनिष्क बनाम फार्चून, कनिष्क बनाम ट्यूलिप, ट्यूलिप बनाम रीजेंसी और रीजेंसी बनाम आभा एकादश के बीच मैच होंगे। बैठक में आइएमए स्पोर्ट्स सब कमेटी की चेयरपर्सन डा. अर्चन भदौरिया, डा. विशाल सिंह, डा. विकास श्रीवास्वत, डा. विनीत रस्तोगी, डा. दीपक श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।


