Saturday, August 22, 2026
HomeकानपुरKanpur : निजी अस्पतालों ने जन्म-मृत्यु की सूचना नहीं दी तो पंजीकरण...

Kanpur : निजी अस्पतालों ने जन्म-मृत्यु की सूचना नहीं दी तो पंजीकरण होगा निरस्त

एक सितंबर से शहर में चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान, वय वंदना कार्ड बनाने में कानपुर प्रदेश में अव्वल

Kanpur । निजी अस्पतालों में होने वाले जन्म और मृत्यु की सूचना 24 घंटे के भीतर सीआरएस पोर्टल पर दर्ज नहीं करने पर अब कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में ऐसे अस्पतालों का पंजीकरण निरस्त करने तक की कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों के साथ जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज और सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों को भी जन्म-मृत्यु की सूचना समय से नगर निगम या संबंधित निकाय को देनी होगी। देरी से प्रमाणपत्र जारी होने में लोगों को परेशानी होती है।

पांच प्रसव नहीं कराने वाले विशेषज्ञों पर कार्रवाई
जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक एएचएम जिला महिला चिकित्सालय में 2839, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में 1863, घाटमपुर सीएचसी में 1188 और कल्याणपुर सीएचसी में 996 संस्थागत प्रसव हुए हैं। एनएचएम से तैनात स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों के लिए हर माह कम से कम पांच प्रसव कराने का लक्ष्य तय किया गया है। लक्ष्य पूरा नहीं करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एचआरपी की निगरानी में लापरवाही पर स्पष्टीकरण
उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निगरानी की समीक्षा में अपेक्षित जानकारी नहीं देने पर नोडल अधिकारी हरिशंकर सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया। डीएम ने हर माह 1, 9, 16 और 24 तारीख को एचआरपी दिवस आयोजित करने के निर्देश दिए।

एक सितंबर से विशेष टीकाकरण
यू-विन पोर्टल के अनुसार जिले में अब तक 12,327 बच्चों का टीकाकरण हुआ है। डीएम ने एक सितंबर से नगरीय क्षेत्रों में विशेष टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं होने पर नगर आयुक्त को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए।

वय वंदना कार्ड बनाने में कानपुर अव्वल
70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाने में कानपुर नगर प्रदेश में प्रथम है। जिले में अब तक 1,07,347 कार्ड बनाए जा चुके हैं। बैठक में टीबी उन्मूलन अभियान की भी समीक्षा की गई।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...