Kanpur । 37वीं वाहिनी पीएसी परिसर स्थित बैडमिंटन हॉल में बुधवार को 29वीं अंतरवाहिनी पीएसी पूर्वी जोन बैडमिंटन व टेबल टेनिस प्रतियोगिता शुरू हुई। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के पहले दिन मेजबान 37वीं वाहिनी कानपुर नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में जगह बनाई।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सेनानायक बीबी चौरसिया (आईपीएस) व मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षण निदेशालय हरिगोविंद मिश्रा (आईपीएस) ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में पूर्वी जोन की 10 वाहिनियों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
इनमें 4वीं वाहिनी प्रयागराज, 12वीं वाहिनी फतेहपुर, 20वीं वाहिनी आजमगढ़, 33वीं वाहिनी झांसी, 34वीं व 36वीं वाहिनी वाराणसी, 37वीं वाहिनी कानपुर नगर, 39वीं वाहिनी मिर्जापुर, 42वीं वाहिनी प्रयागराज और 48वीं वाहिनी सोनभद्र शामिल हैं। टेबल टेनिस की प्रतियोगिताएं कल खेली जाएगी। इस मौके पर उपसेनानायक तनु उपाध्याय (एडीएसपी), सहायक सेनानायक शैलेन्द्र कुमार बाजपेई, सुधाकर मिश्र (डीएसपी), वाहिनी चिकित्साधिकारी डॉ. एके गुप्ता, शिविरपाल चन्द्रेश्वर, सूबेदार सैन्य सहायक रवेंद्र सिंह चौधरी, सहायक शिविरपाल शिवांशु द्विवेदी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
पहले दिन के परिणाम::क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में 37वीं वाहिनी कानपुर नगर ने 48वीं वाहिनी सोनभद्र को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में 39वीं वाहिनी मिर्जापुर ने 34वीं वाहिनी वाराणसी को हराकर अंतिम चार में स्थान बनाया।
एक अन्य मुकाबले में 36वीं वाहिनी वाराणसी ने 20वीं वाहिनी आजमगढ़ को शिकस्त देकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया, जबकि 4वीं वाहिनी प्रयागराज ने 12वीं वाहिनी फतेहपुर को हराकर अंतिम चार में जगह सुनिश्चित की।


