Kanpur । बर्रा क्षेत्र में पार्क में खेल रहे सात वर्षीय मासूम पर तीन आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में बच्चा जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद कुत्तों ने उसे नोच डाला। बच्चे के हाथ, पैर, कमर और कंधे पर गहरे घाव आए हैं। दाहिने कंधे पर गंभीर चोट लगने से डॉक्टरों को छह टांके लगाने पड़े।
डी-ब्लाक, बर्रा विश्व बैंक निवासी मनोज कुमार ने बताया कि उनका बेटा अंश मोहल्ले के बच्चों के साथ पार्क में खेलने गया था। इसी दौरान तीन कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पार्क में मौजूद युवक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
लोगों ने डंडे और बैट से कुत्तों को भगाकर बच्चे की जान बचाई।घायल बच्चे को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के शरीर पर छह जगह गहरे जख्म मिले हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पार्षद पति अर्पित यादव मौके पर पहुंचे और नगर निगम अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद कैटल कैचिंग टीम ने इलाके में पहुंचकर चार आवारा कुत्तों को पकड़ लिया। नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके निरंजन ने बताया कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।


