बारात से लौट रही वैन बनी हादसे की वजह, 20 किमी लंबा जाम; रेस्क्यू में चौकी इंचार्ज भी घायल
Kanpur। घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा कस्बा स्थित तिलसड़ा मोड़ के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बारात से लौट रही ईको वैन के अचानक बंद हो जाने के बाद पीछे से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि इसके बाद एक के बाद एक छह वाहन आपस में भिड़ गए।
हादसे में कुल 16 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पतारा चौकी पुलिस और एनएचआई की पेट्रोलिंग टीम ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर पतारा सीएचसी पहुंचाया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि कुछ लोग निजी अस्पताल भी चले गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पतारा चौकी इंचार्ज भी घायल हो गए और उनके हाथ में चोट आई। हादसे के चलते कानपुर-सागर हाईवे पर करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि कानपुर देहात के मूसेपुर से बारात उमरी गांव गई थी और बुधवार सुबह वापस लौट रही थी। इसी दौरान तिलसड़ा मोड़ के पास यह हादसा हो गया।
पुलिस ने एनएचआई की क्रेन और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को करीब तीन घंटे में सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। इस दौरान हमीरपुर की ओर जाने वाले वाहनों को घाटमपुर चौराहे से और कानपुर की ओर जाने वाले वाहनों को रमईपुर चौराहे से डायवर्ट किया गया।


