Monday, May 11, 2026
HomeकानपुरKanpur : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी डबल डेकर...

Kanpur : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी डबल डेकर बस; 13 घायल

 

बस चालक को आई झपकी, जोरदार टक्कर से पलटा ट्रक; चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू कर निकाले गए यात्री

कानपुर/बिल्हौर। अरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क पर ही पलट गया, जबकि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में बस और ट्रक चालक समेत कुल 13 लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब अधिकांश यात्री नींद में थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण हट गया। तेज रफ्तार बस सीधे आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालक मौके की ओर दौड़ पड़े।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोडेड ट्रक सड़क पर पलट गया और बस का केबिन पूरी तरह पिचक गया। चालक समेत आगे बैठे कई यात्री उसमें फंस गए। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। अंधेरा होने के कारण शुरुआती राहत कार्य में दिक्कतें भी आईं।

सूचना मिलते ही अरौल थाना पुलिस और यूपीडा की रेस्क्यू टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। बचाव कर्मियों ने बस के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से बिल्हौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

दुर्घटना के चलते एक्सप्रेसवे पर कुछ देर यातायात बाधित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...
error: Content is protected !!