Kanpur। द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) मैदान पर चल रही बीपी क्रिकेट लीग के दूसरे दिन मंगलवार को सागर लायन और बुक शॉप ब्लास्टर्स के बीच मुकाबले खेला गया। जिसमें बुक शॉप ब्लास्टर्स ने सागर लायन को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हिमांशु सिंह परिहार को दिया गया।

आर्य नगर स्थित टीएसएच मैदान पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सागर लायन ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 143 रन बनाए। टीम की ओर से गौरव कुशवाहा ने 33 गेंद पर 6 चौकों की मदद से 42 रन, प्रसून कुमार ने 25 रन व कुमार सलिल ने 34 रन बनाए। गेंदबाजी में आशीष सिंह, हिमांशु सिंह परिहार व शादाब आजमी ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में खेलने उतरी बुक शॉप ब्लास्टर्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16.5 ओवर में एक विकेट पर 146 रन बनाकर मैच जीता। टीम की ओर से योगेश यादव ने 39 गेंद पर 6 चौके व 2 छक्कों की मदद से 53 रन, हिमांशु सिंह ने 41 गेंद पर 8 चौकों की मदद से नाबाद 54 रन व आनंद त्रिपाठी ने 22 रन बनाए।
गेंदबाजी में गौरव कुशवाहा को एक मात्र सफलता मिली। इससे पहले मैच का शुभारंभ आरबीआई (रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया) के उप महाप्रबंधक अजय सिसौदिया, आईपीएल खिलाड़ी अंकित राजपूत और कृष्ण कुमार दुबे के साथ लीग आयोजक नीलेश खंडेलवाल ने किया।


