Sunday, February 8, 2026
HomeकानपुरKanpur : नो मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई तेज, 35 हजार मामलों का...

Kanpur : नो मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई तेज, 35 हजार मामलों का हुआ निस्तारण

31 जनवरी को सभी 3770 बूथों पर आयोजित होगा बूथ डे, बीएलओ रहेंगे मौजूद

Kanpur ।जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य जनपद की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारु रूप से पूरा किया गया है। वर्तमान में यह प्रक्रिया सुनवाई के चरण में है, जिसमें चिन्हित मामलों का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने बताया कि एसआईआर के दौरान लगभग 2 लाख 7 हजार मतदाता नो मैपिंग की श्रेणी में चिन्हित किए गए थे। इनमें से 1,70,325 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

 

अब तक करीब 35 हजार मामलों की सुनवाई 175 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और 10 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा की जा चुकी है। सुनवाई के दौरान संबंधित मतदाता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 13 वैध अभिलेखों में से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर रहे हैं और अपने बयान दर्ज करा रहे हैं।उन्होंने बताया कि जो मतदाता पहली सुनवाई में उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं, उन्हें एक अतिरिक्त अवसर दिया जा रहा है।

यदि कोई व्यक्ति स्वयं उपस्थित होने में असमर्थ है, तो वह परिवार के किसी सदस्य को प्रतिनिधि के रूप में भेज सकता है। प्रशासन का उद्देश्य यह है कि कोई भी पात्र मतदाता किसी भी कारण से मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में सभी मतदाता अपना नाम अवश्य जांच लें।

यदि नाम सूची में है लेकिन उसमें कोई त्रुटि है, तो उसके सुधार के लिए संबंधित फॉर्म भरा जा सकता है। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज करा सकते हैं, जिससे 6 मार्च 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम शामिल हो सके। उन्होंने बताया कि इस क्रम में 31 जनवरी को जनपद के सभी 3770 बूथों पर पुनः बूथ डे का आयोजन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक लगभग सवा लाख फॉर्म-6 तथा 40 हजार से अधिक फॉर्म-8 प्राप्त हो चुके हैं। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र, सामान्य निवासी और भारतीय नागरिक मतदाता सूची में सम्मिलित हो सकें।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 26 लाख मौजूदा मतदाताओं की सूची को सम्मिलित करते हुए 6 मार्च 2026 को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस प्रक्रिया के दौरान जनपद में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी निरंतर संवाद और सहयोग प्राप्त हो रहा है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...