डीएम और डीसीपी पूर्वी ने मर्चेंट चेंबर में की जनसुनवाई, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
Kanpur । तहसील दिवस पर शनिवार को मर्चेंट चेंबर सभागार फरियादियों की समस्याओं का मंच बना। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई समेत विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और निर्धारित समयसीमा में उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए।पुलिस से जुड़ी शिकायतों पर डीसीपी पूर्वी ने संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल कार्रवाई करने के साथ शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों और फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। उनकी बात धैर्यपूर्वक सुनकर समस्या के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।
अधिकारियों ने जनसुनवाई स्थल पर फरियादियों के बैठने की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए। स्थानीय स्तर पर बार-बार सामने आने वाली समस्याओं को चिह्नित कर प्राथमिकता से स्थायी समाधान कराने पर जोर दिया गया।


