सीडीओ ने दिए निर्देश, छह जोन में हर सप्ताह होगी समीक्षा और छूटे बच्चों पर रहेगा फोकस
Kanpur । शहर में नियमित टीकाकरण की कवरेज बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब टीकाकरण से इनकार करने या हिचकिचाने वाले परिवारों तक सीधे पहुंचेगा। इसके लिए नगर के सभी छह जोन में गठित जोनल हेल्थ कमेटियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कमेटियां ऐसे परिवारों को जागरूक कर बच्चों को टीकाकरण से जोड़ने का काम करेंगी। यह निर्देश मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने सिटी हेल्थ एक्शन प्लान की समीक्षा एवं ओरिएंटेशन बैठक में दिए।
बैठक में सीडीओ ने कहा कि प्रत्येक जोन में जोनल अधिकारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य, आईसीडीएस, शिक्षा, नगर निगम और खाद्य एवं रसद विभाग मिलकर अभियान चलाएंगे। हर सप्ताह टीकाकरण की समीक्षा होगी और छूटे हुए बच्चों की सूची तैयार कर उन्हें जल्द से जल्द टीका लगवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र बच्चे का टीकाकरण नहीं छूटना चाहिए।
निर्देश दिए गए कि बुधवार और शनिवार को आयोजित नियमित टीकाकरण सत्रों का जोनल अधिकारी और हेल्थ कमेटी के सदस्य निरीक्षण करेंगे। सत्रों की व्यवस्थाओं, लाभार्थियों की उपस्थिति और सेवाओं की गुणवत्ता पर भी नजर रखी जाएगी। कमेटियां संयुक्त भ्रमण कर क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराएंगी, जबकि गंभीर मामलों को उच्च स्तर पर भेजा जाएगा।
बैठक में यूएचएसएनडी सत्र से एक दिन पहले यूविन ड्यू-लिस्ट के आधार पर लाभार्थियों से संपर्क कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एम.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और छहों जोन की हेल्थ कमेटियों के सदस्य मौजूद रहे।


