जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त चेकिंग में 12.750 लीटर शराब बरामद, 50 हजार से अधिक कीमत
Kanpur । हरियाणा की शराब ट्रेन के रास्ते बिहार पहुंचाने की तैयारी कर रहे तस्कर की योजना कानपुर सेंट्रल पर धरी रह गई। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने सोमवार को चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को दबोच लिया। उसके पास से 12 लीटर 750 मिलीलीटर गैर-प्रांतीय अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत 50 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में टीम दोपहर करीब 12:40 बजे हैरिसगंज पुल से आगे सीपीसी वाशिंग लाइन की ओर जाने वाले रास्ते पर पावर हाउस के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में शराब की बोतलें बरामद होते ही पूछताछ शुरू की गई।
आरोपित की पहचान रंजीत कुमार निवासी ग्राम पंचमहला, थाना टिकारी, जिला गया, बिहार के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि शराब हरियाणा से लाई गई थी और उसे ट्रेन के जरिये बिहार ले जाना था। जीआरपी ने शराब जब्त कर आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
अब पुलिस शराब के स्रोत और बिहार में खेप लेने वाले व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। आरोपित के आपराधिक इतिहास और उसके संभावित साथियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में सीआईबी विंग प्रभारी अमित चौधरी समेत जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी व जवान शामिल रहे।


