Kanpur। केडीएमए क्रिकेट लीग के पहले मैच में ग्रीनपार्क हॉस्टल ने अशोका ज्योति को 228 रन से मात दी। दूसरे मैच में रोवर्स क्लब ने विनर्स क्लब को एक विकेट से हराया। तीसरे मैच में यूनिक क्लब ने एवरो क्लब को 10 विकेट से पराजित किया।
ग्रीनपार्क स्टेडियम में ग्रीनपार्क हॉस्टल ने 40 ओवर में पांच विकेट पर 319 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसमें हर्षवर्धन ने 143 रन, अंकेश कुमार ने 54 रन बनाए, तो गेंदबाजी में यश सचान, सुयश साहू ने दो-दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अशोका ज्योति की पूरी टीम 21.4 ओवर में 91 रन पर ढ़ेर हो गई। टीम से शिवम ने सर्वाधिक 15 रन बनाए, तो गेंदबाजी में नीरज कुमार और विष्णु सरोज ने चार-चार विकेट अपने नाम किए। प्लेयर ऑफ द मैच हर्षवर्धन को चुना गया।
श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर विनर्स क्लब ने 30 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन बनाए। टीम से आयुष पाण्डे ने 69 रन, प्रांजल शुक्ला ने 60 रन बनाए, तो गेंदबाजी में कुलदीप और देवांश चतुर्वेदी ने तीन-तीन विकेट झटके। जवाब में रोवर्स क्लब ने 29.3 ओवर में नौ विकेट पर 212 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
जीत में इरफान अली ने 59 रन, कुलदीप ने 33 रन, युवराज पाण्डे ने 21 रन बनाए, तो गेंदबाजी में आशुतोष वर्मा ने चार, मीशम अब्बास ने दो को आउट किया। प्लेयर ऑफ द मैच कुलदीप को चुना गया। कल्याणपुर स्थित गीता देवी मंटोरा मैदान पर खेले गए तीसरे मैच में एवरो क्लब ने 20.1 ओवर में 92 रन बनाए। टीम से फराज अहमद ने सर्वाधिक 20 रन बनाए, तो गेंदबाजी में रितिक पाल व मंदीप सिंह ने चार-चार विकेट अपने नाम किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूनिक क्लब की टीम ने 16.2 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 96 रन बनाकर मैच जीता। जीत में अनंत दीप ने 51 रन व उज्जवल पांडे ने 44 रन बनाए। प्लेयर ऑफ द मैच मंदीप सिंह को चुना गया।


