Kanpur । कर प्रणाली जितनी सरल और पारदर्शी होगी, राष्ट्र उतना ही मजबूत बनेगा,इसी संदेश के साथ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, कानपुर कैंट में जीएसटी सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने जीएसटी की उपयोगिता को समझने के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इससे पहले पहले कार्यक्रम का शुभारंभ उप प्राचार्य राजेश कुमार मिश्रा ने किया। उन्होंने जीएसटी विभाग के अतिरिक्त आयुक्त प्रकाश वीर सिंह मीना और उनकी टीम का हरित स्वागत किया।

मुख्य वक्ता श्री मीना ने छात्रों को सरल भाषा में बताया कि जीएसटी लागू होने से देश की कर प्रणाली में बड़ा सुधार हुआ है। विभिन्न अप्रत्यक्ष करों को एकीकृत कर इसे पारदर्शी और आसान बनाया गया, जिससे व्यापार और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जीएसटी के महत्व और देश की आर्थिक प्रगति को अपनी रचनात्मकता से दर्शाया।

रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से बच्चों ने जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।सहायक आयुक्त सी. रजनीकांत ने कहा कि कर केवल आर्थिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में नागरिक भागीदारी का माध्यम है। उन्होंने छात्रों को कर प्रणाली को समझने और ईमानदारी से पालन करने की प्रेरणा दी।
अधीक्षक श्री कामेश बाजपेयी और श्री राजेश बाजपेयी ने भी विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया।प्रतियोगिता में अदिति तिवारी, मुमायजा, वान्या गुप्ता और कनक ओझा के पोस्टरों को सराहा गया। वही विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री शैलेश गुप्ता ने किया।


